मिलीभगत कर 50 लाख के जेवर गायब होने का भी किया गया दावा

फर्जी हस्ताक्षर कर लॉकर में हेराफेरी करने का भी आरोप
देहरादून : बैंक प्रबंधक और पत्नी सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना कर हेराफेरी के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। आरोप है कि मिलीभगत कर लाखों रुपये की हेराफेरी और बैंक लॉकर से करीब जेवर गायब किए गए। मामले की शिकायत पर नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले में अटल एन्क्लेव, किट्टूवाला, रायपुर निवासी कपिल फरासी की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बैंक प्रबंधक वैभव अग्रवाल और अपनी पत्नी नेहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, कपिल फरासी का कॉलोनी शाखा में बचत खाता है। उनकी पत्नी नेहा भी इसी शाखा में नौकरी करती हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीती एक फरवरी को उनकी पत्नी 12 वर्षीय बेटे को घर पर छोड़कर चली गई। कई बार बुलाने के बावजूद वह वापस नहीं आई। इस दौरान पत्नी के व्यवहार में आए बदलाव को लेकर उन्हें शक होने लगा। इसी बीच शिकायतकर्ता को जमीन खरीदनी थी। इसके लिए उन्होंने 18 मार्च को अपने बचत खाते से दो एफडी तुड़वाकर दूसरे बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दी। आरोप है कि जब वह बैंक पहुंचे तो पता चला कि एसबीआई नेहरू कॉलोनी के शाखा प्रबंधक ने वहां के मैनेजर को व्यक्तिगत फोन और ई-मेल के माध्यम से रकम को साइबर अटैक से ट्रांसफर हुआ धन बताते हुए वापस एसबीआई खाते में भिजवा दिया। साथ ही रकम पर रोक भी लगवा दी। आरोप है कि जब उन्होंने एसबीआई शाखा पहुंचकर इस संबंध में जानकारी मांगी तो शाखा प्रबंधक ने उनके साथ अभद्रता की। उनसे सवाल किया गया कि पत्नी नेहा की अनुमति के बिना एफडी कैसे तुड़वा दी। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जेल भेजने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसके बाद वह अपने, बेटे और मां के जेवर निकालने के लिए बैंक के संयुक्त लॉकर में पहुंचे। वहां जांच करने पर करीब 50 से 55 लाख रुपये के आभूषण गायब मिले। शिकायत में बताया गया है कि हस्ताक्षर विशेषज्ञ अभिषेक वशिष्ठ से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई गई, जिसमें हस्ताक्षर फर्जी पाए जाने का दावा किया गया है।
