पुरानी एसीपी बहाली की मांग को लेकर 27 नवंबर को सचिवालय कूच करेगा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद

40 से अधिक संगठनों और 100 से अधिक पदाधिकारियों ने दिया आंदोलन को समर्थन, जिला कार्यकारिणी की बैठक में बनी रणनीति
देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की देहरादून जिला कार्यकारिणी की सामान्य बैठक रविवार को कचहरी रोड स्थित लोक निर्माण विभाग नियमित (कार्यप्रभारित) कर्मचारी संघ भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन जिला सचिव पिंकेश रावत ने किया। बैठक में परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे मुख्य अतिथि तथा प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की समस्त व्यवस्थाएं लोक निर्माण विभाग नियमित वर्कचार्ज संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार द्वारा की गईं।
बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर पूर्व की भांति एसीपी (प्रोन्नत वेतनमान) बहाल किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी के विरोध में 27 नवंबर को प्रस्तावित सचिवालय कूच को निर्णायक आंदोलन के रूप में आयोजित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि अरुण पांडे एवं विशिष्ट अतिथि शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। परिषद पुरानी एसीपी व्यवस्था की बहाली सहित कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्षरत है। उन्होंने सभी विभागों के कर्मचारियों से 27 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में सचिवालय कूच में शामिल होने की अपील की।
जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि आंदोलन की तैयारियों को लेकर संचालन समिति का गठन किया गया है। जनपद एवं प्रदेश के विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को होने वाला सचिवालय कूच राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के संयुक्त एसीपी बहाली मोर्चा के नेतृत्व एवं तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में 40 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं 100 से अधिक पदाधिकारियों ने आंदोलन को समर्थन देने की बात कही। बैठक में प्रमुख रूप से राजेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग नियमित वर्कचार्ज संघ; गौरव खंडूरी, महामंत्री, डीएवी पीजी कॉलेज कर्मचारी संघ; हर्ष जोशी, प्रदेश अध्यक्ष, ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन, उत्तराखंड; सुरेश चंद्र डबराल, प्रदेश अध्यक्ष, गन्ना पर्यवेक्षक संघ; रामकृष्ण नौटियाल, पूर्व अध्यक्ष, गन्ना पर्यवेक्षक संघ; विकास नेगी, उपाध्यक्ष; फूल देवी, जिलाध्यक्ष, बाल विकास विभाग देहरादून; शारदा थापा, जिला महामंत्री, बाल विकास विभाग; दीपक भंडारी, जिलाध्यक्ष, राजस्व संग्रह अमीन संघ; एच.एस. नेगी, अध्यक्ष, एमकेपी पीजी कॉलेज कर्मचारी संघ; सत्य प्रसाद डंगवाल, अध्यक्ष, गेट कर्मचारी संघ तथा विमल सिंह कुशवाहा, अध्यक्ष, अधीनस्थ संवर्ग संगठन सहित दिवाकर बहुगुणा, सच्चिदानंद गोपाल, हरीश वर्मा, अशोक साहनी, केशव पांडे, रूपेश कुमार, राम सिंह राणा, सुजीत कुमार, बलवीर सिंह, तरुण के. सिंह, महेश दत्त, सुषमा एवं रजनीश कुमार सहित अनेक कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।