डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न

26 नवंबर से शुरू होगा मूल्यांकन कार्य, 01 दिसंबर से जाएंगे इंटर्नशिप पर जनपद के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में *
चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर) में 13 नवम्बर से प्रारंभ हुई डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं आज 23 नवंबर को ‘ योग खेल एवं स्वास्थ्य शिक्षा’ विषय की परीक्षा के साथ संपन्न हो गईं। इन परीक्षाओं में कुल 29 प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर) के मीडिया प्रभारी डॉक्टर कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षाएं संपन्न होने के बाद अब चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो जाएगा, जिसके तहत 1 दिसंबर से डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर के प्रशिक्षु इंटर्नशिप पर जनपद के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में जाएंगे।
डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के संपन्न होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 26 नवम्बर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, नैनीताल (भीमताल) में मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होगा। वर्तमान में उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में डीएलएड के दो बैच संचालित हो रहे हैं। इनमें द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं का सेमेस्टर 13 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ है, जबकि तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं की परीक्षाएं आज समाप्त होने के बाद अब यह प्रशिक्षु इंटर्नशिप पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जाएंगे जिससे जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों के होने के कारण पढ़ाई में हो रहे व्यवधान से भी राहत मिलेगी।
डीएलएड में प्रवेश परीक्षा के लिए सितंबर माह में विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी जिसमें प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डीएलएड प्रवेश परीक्षा 18 नवंबर 2026 को संपन्न हो चुकी है और अब प्रवेश परीक्षा के परिणाम का इंतजार है।
डीएलएड प्रवेश परीक्षा सहित सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर, नैनीताल द्वारा किया जाता है। वहीं, जनवरी 2026 में डीएलएड उत्तीर्ण कर चुके प्रशिक्षु भी अपनी नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षुओं की निगाहें अब आगामी विज्ञप्ति पर टिकी हैं।