रुद्रपुर में युवती की संदिग्ध मौत

  • युवक ने भी लगाया मौत को गले, देहरादून में तमसा नदी में मिला शव
  • रुद्रपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, सड़क किनारे मिली बेहोश, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, देहरादून में नदी में मिला शव

रुद्रपुर/देहरादून: उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती सड़क किनारे बेहोश हालत में मिली थी, जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा ट्रांजिट कैंप इलाके में ही एक युवक ने आत्महत्या कर ली। उधर, देहरादून में तमसा नदी किनारे युवक का शव मिला है।
युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में सुबह एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवती मूल रूप से नेपाल के योरामगढ़ दक्षिण के भरीगांव की रहने वाली है। जो वर्तमान में ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिमला बहादुर इलाके में किराए के मकान में अपनी सहेली के साथ रह रही थी। जो सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत थी।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली कि जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल रुद्रपुर में एक युवती को अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन की हालत में लाया गया है। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि सुबह युवती अपने कमरे में खाना बनाकर काम पर जाने की बात कहकर निकली थी। बताया जा रहा है कि वो सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में नौकरी करती थी। कुछ समय बाद वो रुद्रपुर के डीडी चौक के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकिस मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
युवती की सहेली ने पुलिस को बताया कि वो सामान्य रूप से काम पर जाने की तैयारी कर रही थी और उसने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि परिजन नेपाल से रुद्रपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”- मोहन चंद्र पांडे, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, ट्रांजिट कैंप

देहरादून के तमसा नदी में मिला युवक का शव
देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाजावाला गांव के पास तमसा नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला है। स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। साथ ही शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। शव के शिनाख्त के लिए अन्य थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आज यानी 20 मई को दोपहर के समय एफआईआर के पीछे बाजावाला गांव के पास तमसा नदी से अर्द्धनग्न अवस्था में एक शव मिला है। जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आसपास की जांच पड़ताल की जा रही है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।
“अज्ञात शव नदी में बह कर आया है और शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान भी नहीं है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शव के शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया और पुलिस ग्रुप के साथ अन्य थानों में शव की फोटो भेजी गई है। जल्द ही शव की शिनाख्त कर ली जाएगी और घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई जारी है।”- शंकर सिंह बिष्ट, कैंट थाना प्रभारी

!-- Google tag (gtag.js) -->