चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड दशोली की न्याय पंचायत छिनका के कुजौमैकोट में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही सेवाओं एवं लाभों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, दर्जाधारी हरक सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य देवर खड़ौरा जेपी पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, आजीविका मिशन तथा अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। कई लाभार्थियों के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए गए तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, आवास एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त 40 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
इसी क्रम में विकासखंड ज्योतिर्मठ में सेवा पखवाड़ा के तहत राज्य में विकसित हो रही आधारभूत संरचनाओं, रेल परियोजनाओं, रोपवे, सड़क संपर्क, पर्यटन एवं अन्य महत्वपूर्ण अवस्थापना विकास कार्यों पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा नागरिकों को मिलने वाले दीर्घकालिक लाभों की जानकारी साझा की गई।
जनपद में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत कल 07 जुलाई को विकासखंड नारायणबगड़ के ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर नागरिकों को योजनाओं का लाभ एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

